Ranchi समेत पूरे राज्य में बिजली दर बढ़ोतरी के खिलाफ BJP का प्रदर्शन, JBVNL कार्यालयों के बाहर धरना
झारखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. पार्टी के राज्यव्यापी आह्वान पर सभी जिला मुख्यालयों में Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited (JBVNL) के दफ्तरों के बाहर विरोध-प्रदर्शन और धरना आयोजित किया गया.

Ranchi: झारखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. पार्टी के राज्यव्यापी आह्वान पर सभी जिला मुख्यालयों में Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited (JBVNL) के दफ्तरों के बाहर विरोध-प्रदर्शन और धरना आयोजित किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई. राजधानी रांची में डोरंडा के कुसई कॉलोनी स्थित जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक कार्यालय के सामने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना दिया. इस कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक C. P. Singh और मुख्य सचेतक Naveen Jaiswal ने किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए. धरना के दौरान नेताओं ने लगातार हो रही बिजली कटौती और पोस्टपेड/स्मार्ट मीटर के जरिए आने वाले अनियमित बिलों को प्रमुख मुद्दा बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है.
इस मौके पर सीपी सिंह ने कहा कि राजधानी में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक ओर वीआईपी इलाकों में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, वहीं आम लोग कटौती से परेशान हैं. उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में मुद्दा उठाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, बल्कि बिजली दरों में बढ़ोतरी कर दी गई.
वहीं नवीन जायसवाल ने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ता समस्याओं से जूझ रहे हैं. उनका कहना था कि पुराने मीटर की जगह स्मार्ट मीटर लगाने के बाद से बिलिंग में गड़बड़ी बढ़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं किया गया और कई मामलों में उपभोक्ताओं पर दबाव बनाकर वसूली की जा रही है. प्रदेश भाजपा के निर्देश पर यह आंदोलन राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया गया. अलग-अलग स्थानों पर पार्टी नेताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






Leave a comment