चुनिंदा आपराधिक गिरोहों को बन्ना गुप्ता का संरक्षण, सरयू का मंत्री पर गंभीर आरोप
सरयू ने कहा कि आज जिस तरह के पोस्टर और होर्डिंग मानगो के चौक-चौराहों पर स्वास्थ्य मंत्री के साथ ईश्वर सिंह और चंदन सिंह के लगे हुए हैं, वैसे ही पोस्टर और होर्डिंग पहले स्वास्थ्य मंत्री के साथ अमरनाथ सिंह के लगते थे.


रांची
:
विधायक सरयू राय ने एक बार फिर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाये हैं. उन्होंने कहा है कि जमशेदपुर के मानगो में हुए शक्तिनाथ हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त ईश्वर सिंह बन्ना गुप्ता का खास है. बन्ना गुप्ता के दबाव में ईश्वर सिंह को जेल की जगह एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने ईश्वर सिंह की बीमारी की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने की मांग की. सरयू ने यह भी कहा कि मृत अपराधी अमरनाथ सिंह को भी बन्ना गुप्ता का संरक्षण प्राप्त था. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री चुनिंदा आपराधिक गिरोहों को संरक्षण दे रहे हैं. राजनीतिक दबाव के कारण जमशेदपुर पुलिस अपराध नियंत्रण नहीं कर पा रही है.
अपराधियों के साथ स्वास्थ्य मंत्री की होर्डिंग
सरयू राय ने कहा कि मंत्री के साथ इन अपराधियों की बड़ी-बड़ी होर्डिंग मानगो के चौक-चौराहों पर लगी हुई है. मानगो फ्लाईओवर के पहले पिलर के शिलान्यास के दिन भी उस व्यक्ति के ही होर्डिंग चारों ओर लगे थे जिसे पुलिस ने शक्तिनाथ सिंह हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त मानकर गिरफ्तार किया है. यह व्यक्ति ईश्वर सिंह है जो मानगो मंडल कांग्रेस का अध्यक्ष है और बन्ना गुप्ता का खासमखास है. पक्का सबूत होने और चश्मदीद का बयान होने के बाद भी ईश्वर सिंह को पुलिस ने चार दिन तक गिरफ्तार नहीं किया. एक अन्य आरोपी चंदन सिंह का नाम अभियुक्त सूची से बाहर कर दिया. चार दिन बाद ईश्वर सिंह गिरफ्तार हुआ तो उसे जेल भेजने के बजाए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया.
बन्ना ने मानगो के युवाओं को बर्बादी की राह में धकेला
सरयू ने आरोप लगाया कि मानगो के अपराधी सरगना अमरनाथ सिंह को आगे बढ़ाने और संरक्षण देने का काम भी स्वास्थ्य मंत्री ने ही किया था. आज जिस तरह के पोस्टर और होर्डिंग मानगो के चौक-चौराहों पर स्वास्थ्य मंत्री के साथ ईश्वर सिंह और चंदन सिंह के लगे हुए हैं, वैसे ही पोस्टर और होर्डिंग पहले स्वास्थ्य मंत्री के साथ अमरनाथ सिंह के लगते थे. अब अपराध जगत में दबदबा के कारण अमरनाथ सिंह द्वारा अर्जित अवैध जमीन पर कब्जा की लड़ाई में बन्ना गुप्ता ईश्वर सिंह की पीठ ठोंक रहे हैं. शक्तिनाथ सिंह की हत्या का यह एक बड़ा कारण है. कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के अपराधी प्रेम के ऐसे कारनामों ने मानगो की युवा पीढ़ी को बर्बादी की राह पर धकेला है. कई घर बर्बाद हो गए हैं. कदमा-सोनारी के छुटभैये आपराधिक गिरोहों और अपराधियों को भी इनसे शह मिल रही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
नीतीश के राज्यसभा जाने पर JDU में बेचैनी, सरयू राय बोले- ऐसा लगता है जैसे उन्हें ‘शेल्टर’ में भेज दिया गया



Leave a comment