अशोक खरात केस: 100 आपत्तिजनक वीडियो, 1500 करोड़ की संपत्ति और सरकारी फंडिंग पर बड़े खुलासे
“Ashok Kharat केस में SIT जांच के दौरान 100 आपत्तिजनक वीडियो और करीब 1500 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हुआ है. मंदिर को मिली सरकारी फंडिंग भी जांच के घेरे में है. मामले में कई बड़े नामों और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है.”

Maharashtra: नासिक जिले से जुड़े स्वयंभू गॉडमैन अशोक खरात मामले में लगातार बड़े खुलासे हो रहे हैं. जांच में सामने आया है कि खरात से जुड़े एक मंदिर को वर्ष 2018 में राज्य सरकार से 1.05 करोड़ रुपये का फंड मिला था. यह राशि क्षेत्रीय पर्यटन विकास योजना के तहत मंजूर की गई थी. उस समय पर्यटन और सांस्कृतिक कार्य विभाग की जिम्मेदारी बीजेपी नेता जयकुमार रावल के पास थी. यह फंड श्री इशान्येश्वर देवस्थान ट्रस्ट से जुड़े मंदिर के विकास के लिए दिया गया था, जिसकी देखरेख अशोक खरात करते थे. योजना के तहत मंदिर परिसर में हॉल निर्माण, पेविंग ब्लॉक, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग, श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की सुविधा, गार्डन और बिजली जैसी व्यवस्थाओं को विकसित करने की मंजूरी दी गई थी. कुल राशि में से 25 लाख रुपये वित्तीय वर्ष 2017-18 में जारी भी किए गए थे, जिसे PWD के माध्यम से खर्च किया गया.
हालांकि, इस मामले ने नया मोड़ तब लिया जब 18 मार्च को एक 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर अशोक खरात को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि खरात ने तीन वर्षों तक उसका शोषण किया. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, जिसकी अगुवाई आईपीएस अधिकारी तेजस्वी सतपुते कर रही हैं. जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. SIT को करीब 100 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, वहीं खरात के पास लगभग 1500 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की बात भी सामने आई है. इसके बाद आयकर विभाग और साइबर पुलिस भी सक्रिय हो गई है और वित्तीय लेनदेन के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि अशोक खरात के कई राजनीतिक संपर्क भी थे, जिससे मामले की जांच और भी संवेदनशील हो गई है. राज्य के पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. अब यह मामला केवल आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसमें सरकारी फंडिंग, राजनीतिक पहुंच और बड़े स्तर पर आर्थिक अनियमितताओं की भी जांच हो रही है. आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.




