Ranchi: अंजुमन इस्लामिया अस्पताल पर लापरवाही के आरोप, मरीज की मौत पर परिजन नाराज
“राजधानी के Anjuman Islamia Hospital में इलाज के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतका गुमला की रहने वाली बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.”

Ranchi: राजधानी के Anjuman Islamia Hospital में इलाज के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतका गुमला की रहने वाली बताई जा रही है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला की जान गई, जबकि अस्पताल प्रबंधन इसे हार्ट अटैक बता रहा है. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है.
ऑपरेशन के दौरान बदला फैसला, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, महिला की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी थी. परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन शुरू करने के बाद डॉक्टरों ने अचानक कहा कि यह सर्जरी यहां संभव नहीं है. आरोप है कि इसके बाद महिला के पेट में टांके लगा दिए गए, परिजनों के अनुसार, इस लापरवाही के बाद महिला की तबीयत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई.
अस्पताल प्रबंधन ने दी सफाई, हार्ट अटैक बताया कारण
वहीं अस्पताल के सुपरिटेंडेंट ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है. उनके मुताबिक, ऑपरेशन और मौत के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है और इसे लापरवाही कहना सही नहीं होगा. प्रबंधन का दावा है कि इलाज के दौरान सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया.
उठ रहे कई सवाल, जांच की मांग तेज
इस घटना के बाद कई अहम सवाल खड़े हो रहे हैं. क्या ऑपरेशन से पहले मरीज की पूरी जांच की गई थी? क्या अस्पताल में उस स्तर की सर्जरी के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद थे? और अगर नहीं, तो मरीज को समय रहते किसी बड़े अस्पताल में रेफर क्यों नहीं किया गया? अस्पताल प्रबंधन की तरफ से तत्काल इलाज में लगे सभी पैसे को वापस कर दिया गया है.

