पलामू में शादी का भोज बना आफत, खाना खाते ही 100 से ज्यादा लोग बीमार, 10 की हालत गंभीर
झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड स्थित बोहिता गांव में शादी के भोज के बाद फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है. पूरी-सब्जी और बुंदिया खाने के बाद 100 से अधिक ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए. कई लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाज शुरू किया.

Palamu: पलामू जिले से फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है. सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव के पोखर पार टोला में एक शादी समारोह के दौरान भोज खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीण बीमार पड़ गए. शुरुआत में करीब 50 लोगों के बीमार होने की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर 100 से अधिक पहुंच गई. कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से मरीजों को अस्पताल भेजा गया. फिलहाल कई मरीजों का इलाज लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर में चल रहा है.
पूरी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी
जानकारी के मुताबिक बोहिता गांव के रहने वाले हरिशंकर चंद्रवंशी के घर बेटे की शादी थी. बुधवार को बारात के दौरान ग्रामीणों और मेहमानों के लिए भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें पूरी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी. ग्रामीणों के अनुसार भोज खाने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. पहले कुछ लोगों ने उल्टी और दस्त की शिकायत की, लेकिन धीरे-धीरे बीमारों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी. रात बीतते-बीतते दर्जनों लोग अस्वस्थ हो गए और गुरुवार सुबह तक 100 से अधिक ग्रामीण बीमार पड़ चुके थे.
स्कूल में बनाया गया अस्थायी इलाज केंद्र
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम गांव पहुंच गई. मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखर पार टोला में अस्थायी उपचार केंद्र बनाया गया, जहां कई मरीजों का प्राथमिक इलाज किया गया. गंभीर रूप से बीमार लोगों को एंबुलेंस से लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों के अनुसार अधिकतर मरीजों में डायरिया और फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग लगातार मरीजों की निगरानी कर रहा है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment