रांची के पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने मॉल को घेरकर शुरू की जांच
“झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. रांची सिविल कोर्ट के बाद अब रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में बने पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की धमकी दी गई है. ”

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. रांची सिविल कोर्ट के बाद अब रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में बने पासपोर्ट सेवा केंद्र को उड़ाने की धमकी दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंच गया. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सघन जांच अभियान शुरू किया गया. बीडीएस टीम मॉल परिसर और पासपोर्ट सेवा केंद्र के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ले रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी मिलने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. मॉल में आने-जाने वाले लोगों की भी निगरानी की जा रही है. हालांकि अब तक की जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भेजने के पीछे कौन लोग शामिल हैं. साइबर टीम भी इस मामले की जांच में जुट गई है ताकि ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा सके.
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पुलिस ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए अपील की है कि जांच पूरी होने तक सतर्क रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आ सकती है.

