स्वर्णरेखा किनारे मिला 227 किलो का बम, डिफ्यूज करने में जुटी सेना; इलाके में बढ़ी सतर्कता
बहरागोड़ा के स्वर्णरेखा नदी किनारे 227 किलो का बम मिलने से हड़कंप मच गया. रविवार को मिले इस विस्फोटक को निष्क्रिय करने के लिए सेना की टीम जुटी है. लगातार दूसरी बार बम मिलने से इलाके में डर और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे एक बार फिर भारी-भरकम विस्फोटक मिलने से सनसनी फैल गई है. पानीपड़ा-नागुड़साई इलाके में रविवार को ग्रामीणों ने संदिग्ध वस्तु देखी, जिसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई. जांच में यह करीब 227 किलोग्राम वजनी बम निकला, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. सूचना मिलते ही भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया. उल्लेखनीय है कि इससे पहले 17 मार्च को भी इसी इलाके में दो बम बरामद हुए थे, जिन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया था. लगातार दूसरी बार इस तरह का विस्फोटक मिलने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है, वहीं प्रशासन पूरी सावधानी के साथ स्थिति को संभालने में जुटा हुआ है.
कब और कैसे मिला बम
रविवार को स्वर्णरेखा नदी तट के पास ग्रामीणों की नजर एक बड़े संदिग्ध धातु जैसी वस्तु पर पड़ी. शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने जांच के बाद पुष्टि की कि यह एक शक्तिशाली बम है. इसके बाद इलाके को तुरंत खाली कराया गया और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई.
सेना ने संभाली मोर्चा, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की. अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर बम को निष्क्रिय करने की अंतिम प्रक्रिया तय होगी. फिलहाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
डिफ्यूज की तैयारी तेज, सुरक्षा पर फोकस
सेना की टीम तय मानकों के अनुसार बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी कर रही है. इसके तहत बम के आकार के अनुसार गड्ढा खोदने की योजना बनाई जा रही है. साथ ही, बालू से भरे बोरे और अन्य सुरक्षा उपायों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी तरह के खतरे को टाला जा सके. स्थानीय प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
स्वीमिंग पूल बना कल्यानचक अंडरपास, जलजमाव से राहगीर परेशान, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा






Leave a comment