एग्जाम के खौफ में लापता हुई 12 साल की बच्ची, घंटों बाद फूफा के घर से बरामद
“चतरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां परीक्षा के डर से 12 साल की एक किशोरी घर से निकल गई और बाद में अपने ही रिश्तेदार के घर में पलंग के नीचे छिपी मिली. घटना पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा बसंत विहार कॉलोनी की है. ”

Chatra: चतरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां परीक्षा के डर से 12 साल की एक किशोरी घर से निकल गई और बाद में अपने ही रिश्तेदार के घर में पलंग के नीचे छिपी मिली. घटना पिपरवार थाना क्षेत्र के बचरा बसंत विहार कॉलोनी की है. शुक्रवार सुबह किशोरी अचानक घर से गायब हो गई. काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पिपरवार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. बच्ची के अचानक लापता होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका भी जताई.
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की. कॉलोनी और आसपास के संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस को सफलता मिली.
पलंग के नीचे मिली बच्ची
लापता किशोरी खटाल कॉलोनी स्थित अपने फूफा के घर में पलंग के नीचे छिपी मिली. पूछताछ में उसने बताया कि वह परीक्षा के डर और डांट के भय से घर से निकल गई थी. घबराहट में वह रिश्तेदार के घर पहुंची और वहीं छिपकर बैठ गई.
पुलिस और परिवार ने ली राहत की सांस
किशोरी की सकुशल बरामदगी के बाद परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली. थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों पर पढ़ाई को लेकर अनावश्यक दबाव न डालें और उनसे खुलकर संवाद करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. कुछ घंटों तक इलाके में दहशत का माहौल जरूर रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया.

